Monday, 15 June 2020

सोनाक्षी सिन्हा पर उतरा सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु से दुखी लोगों का गुस्सा, ट्वीट कर एक्ट्रेस को बताया 'नेपोटिज्म का प्रोडक्ट'


कलाकार सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु से पूरे बॉलीवुड में हलचल मच गई है। सिनेमाप्रेमी लगातार ट्वीट करके इंडस्ट्री के लोगों को खरी खोटी सुना रहे हैं और पूछ रहे हैं कि जो लोग अब भावुक ट्वीट कर रहे हैं, वो तब कहां थे जब एक्टर को वाकई उनकी जरूरत थी। सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु से दुखी लोगों के गुस्से का शिकार वो लोग ज्यादा हो रहे हैं, जिनके माता-पिता इंडस्ट्री से रिश्ता रखते हैं।
करण जौहर और आलिया भट्ट को लोग क्या-क्या कह रहे हैं, यह तो हम सभी जानते ही हैं लेकिन अब लोगों के गुस्से की आग बाकी कलाकारों के दामन तक भी पहुंचने लगी है और अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा उनकी नई शिकार बन गई हैं।
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ऐसे लोगों पर निशाना साधने की कोशिश की थी, जो सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु पर बेवजह विवाद पैदा कर रहे हैं। अदाकारा ने पोस्ट में लिखा था, 'सुअरों के साथ लड़ने में परेशानी यह है कि आप गंदे हो जाते हैं और उन्हें मजा आता है। कुछ लोगों के लिए यह एक मौका है और वो इस मुद्दे से पब्लिसिटी पा रहे हैं। हमारी इंडस्ट्री ने एक कलाकार खो दिया है, आप लोग यह सब बंद करें। आप लोगों की नकारात्मकता की अभी किसी को कोई जरूरत नहीं है। जिसने अपनी जान खो दी है, उसकी कुछ तो इज्जत करिए।
अदाकार के इस ट्वीट पर लोगों ने उन्हें तुरंत ही खरी-खोटी सुनाना शुरू कर दी और सोनाक्षी सिन्हा को भी नेपोटिज्म का प्रोडक्ट बता डाला। यूजर ने लिखा है, 'फिल्म परिवार.... यह परिवार तब कहां था जब उसे सबकी जरूरत थी ? किसी ने उसे कॉल क्यों नहीं की ? वो डिप्रेशन में था, यह बात किसी से छुपी नहीं थी। पिछले एक साल से ये परिवार कहां था ?'।